
प्रयागराज। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिट परीक्षा-2026 का परीक्षाफल घोषित किए जाने के बाद यूपी बोर्ड ने इंप्रूवमेंट/कंपार्टमेंट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर बड़े बदलाव का निर्णय लिया है। यह पहली बार होगा कि इंप्रूवमेंट/कंपार्टमेंट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का आनलाइन मूल्यांकन कराया जाएगा।
बोर्ड का पायलट प्रोजेक्ट
बोर्ड एवं एजेंसी की बैठक में इस पर सहमति बन गई है। बोर्ड इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में अपना रहा है। प्रयोग सफल रहने पर वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट मुख्य परीक्षा में यह व्यवस्था शासन की अनुमति से लागू की जा सकती है।
केंद्र पर कॉपियां डिजिटल माध्यम से भेजी जाएंगी कॉपियां
नई व्यवस्था में परीक्षा कराए जाने के बाद निर्धारित एजेंसी उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैन करेगी। इसके बाद मूल्यांकन के लिए निर्धारित जनपद के केंद्र पर कॉपियां डिजिटल माध्यम से भेजी जाएंगी। इसके लिए नियुक्त परीक्षक इनका मूल्यांकन कर आनलाइन अंक अपलोड करेंगे।
यह वीडियो भी देखें
क्या बोले यूपी बोर्ड के सचिव?
यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह वर्ष 2026 की मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान प्रयागराज, मेरठ, बरेली, गोरखपुर एवं वाराणसी जिले में परीक्षकों से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर आनलाइन अंक अपलोड करने का प्रयोग करा चुके हैं। इस तरह मूल्यांकन की नई व्यवस्था पर निर्णय हो जाने के बाद बोर्ड अब इंप्रूवमेंट/कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों से आवेदन लेने की समयसारिणी जारी करेगा।
क्या है कंपार्टमेंट परीक्षा?
कंपार्टमेंट परीक्षा में हाईस्कूल में अनुत्तीर्ण दो विषयों में से किसी एक में ही परीक्षार्थी सम्मिलित हो सकते हैं, जबकि इंप्रूवमेंट परीक्षा के अंतर्गत अनुत्तीर्ण हुए एक विषय में सम्मिलित हो सकते हैं। इसके अलावा इंटरमीडिएट में कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए मानविकी, विज्ञान (वैज्ञानिक वर्ग) एवं वाणिज्य वर्ग में किसी एक विषय में, कृषि भाग-1 एवं भाग-2 में निर्धारित विषयों में से किसी एक प्रश्नपत्र में तथा व्यावसायिक वर्ग के ट्रेड विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में ही अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी ही सम्मिलित होने के लिए अर्ह माने जाएंगे।